नगर पालिका धनपुरी पर सौतेले व्यवहार का आरोप, बोलीं — “राजनीति नहीं, सिर्फ विकास चाहिए”सिंह

वार्ड 05 की पार्षद का फूटा सब्र — “10 दिन में काम नहीं हुए तो अनशन पर बैठूंगी”
धनपुरी। नगर पालिका परिषद धनपुरी की वार्ड क्रमांक 05 की पार्षद श्रीमती सुकृति सिंह ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके वार्ड के साथ बीते तीन वर्षों से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पार्षद का कहना है कि जहां अन्य वार्डों में सड़कों, नालियों और मंच निर्माण जैसे विकास कार्य लगातार जारी हैं, वहीं उनके वार्ड में एक भी काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 10 दिनों के भीतर उनके वार्ड के लंबित कार्यों की स्वीकृति नहीं दी गई, तो वे अनशन पर बैठने को मजबूर होंगी।
पार्षद सुकृति सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को दिए आवेदन में कहा कि जनता ने उन्हें वार्ड के विकास के लिए चुना था, लेकिन अब जनता के बीच उन्हें जवाब देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा — “कांग्रेसी पार्षद होने की वजह से मेरे वार्ड के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मुझे न कांग्रेस करनी है, न भाजपा। मेरा एक ही लक्ष्य है — अपने वार्ड का विकास।”
“तीन साल से सिर्फ आश्वासन, कार्रवाई शून्य”
सुकृति सिंह ने बताया कि वार्ड 05 में पिछले तीन वर्षों से कोई ठोस काम नहीं हुआ। कई बार नगर पालिका की बैठकों में आवाज उठाने के बावजूद सिर्फ “प्रक्रिया में है” कहकर बात टाल दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया — “आखिर यह प्रक्रिया कब पूरी होगी? जनता अब इंतजार नहीं करना चाहती।”
11 प्रमुख कार्य वर्षों से लंबित
पार्षद ने अपने आवेदन में 11 प्रमुख विकास कार्यों की सूची भी जोड़ी है, जिनमें शामिल हैं —
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पीछे सांस्कृतिक मंच, बाउंड्रीवाल, सर्वेंट क्वार्टर व किचन निर्माण
काली मंदिर से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तक सड़क का डामरीकरण
1000 मीटर नाली कवर व मेंटेनेंस
खेर माता मंदिर परिसर में मंच, पेवर ब्लॉक व चबूतरा निर्माण
श्मशान घाट का निर्माण
सुलेमान के घर से काली मंदिर तक सड़क व नाली निर्माण
खेर माता से इराकी मंजिल तक नाली निर्माण
शंकर लाल गुप्ता से बृजेश शुक्ला तक सड़क व नाली निर्माण
खेर माता में मंच, स्टोर, पेवर ब्लॉक व गेट निर्माण
पंप हाउस के सामने शेड निर्माण
निशांत की दुकान से पंप हाउस तक सड़क व नाली निर्माण तथा पुरानी पोस्ट ऑफिस के पास बरगद पेड़ में चबूतरा निर्माण
स्थानीय लोगों में भी नाराज़गी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में गलियां कीचड़ से भर जाती हैं, नालियां जाम रहती हैं और सड़कें जर्जर हालत में हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगरपालिका से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जनता पार्षद के साथ खड़ी है और विकास की मांग को लेकर एकजुट हो रही है।
“संघर्ष राजनीति का नहीं, हक़ का है”
पार्षद सुकृति सिंह ने कहा — “मेरा संघर्ष राजनीति के लिए नहीं, अपने वार्ड के हक़ के लिए है। जनता ने मुझे विकास के लिए चुना है, और मैं तब तक आवाज उठाती रहूंगी जब तक वार्ड 05 को उसका हक़ नहीं मिलता।”
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है — क्या अगले 10 दिनों में काम शुरू होंगे या फिर वार्ड 05 की पार्षद सच में अनशन के रास्ते पर उतरेंगी।