
धनपुरी।धनपुरी थाना क्षेत्र के विलियस नंबर-1 में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की धमकी देने लगा। पल-पल बढ़ते खतरे के बीच पुलिस की तत्परता, मानवीय सोच और सूझबूझ ने न केवल युवक की जान बचाई, बल्कि एक बड़े हादसे को भी टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, विलियस नंबर-1 निवासी युवक गोलू बीते कई दिनों से अपने परिजनों से ₹100 की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा पैसे न मिलने पर वह नाराज़ हो गया और गुस्से में पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर से कूदने की धमकी देते हुए युवक के हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना धनपुरी पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए संवेदनशील थाना प्रभारी खेम सिंह पेंन्द्रो ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने बिना समय गंवाए अपने अनुभवी अधिकारी एएसआई भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह एवं शैलेन्द्र सिंह को मौके पर रवाना किया।
मौके पर पहुंचते ही एएसआई भूपेंद्र सिंह ने हालात को बेहद संयम और समझदारी से संभाला। ऊंचाई पर खड़े युवक से उन्होंने सीधे संवाद स्थापित किया और उसे भरोसा दिलाया कि वह सुरक्षित नीचे आ जाए, उसकी बात सुनी जाएगी। पुलिस की मानवीय अपील और अपनत्व भरे व्यवहार का असर ऐसा पड़ा कि युवक भावुक हो गया और “सर… मे आई कमिंग” कहते हुए खुद ही मोबाइल टावर से नीचे उतर आया।
युवक की मासूमियत और मानसिक स्थिति को देखते हुए एएसआई भूपेंद्र सिंह ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए अपने पर्स से ₹100 का नोट निकालकर युवक को थमा दिया। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। इसके बाद युवक को समझाइश देकर सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और उसके विरुद्ध किसी प्रकार की कठोर कार्रवाई न की जाए। इस पर थाना प्रभारी खेम सिंह पेंन्द्रो ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से परहेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस की इस त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्रवाई की पूरे धनपुरी नगर में जमकर सराहना हो रही है। आमजन थाना प्रभारी खेम सिंह पेंन्द्रो, एएसआई भूपेंद्र सिंह और उनकी पूरी टीम को एक बड़ी अनहोनी टालने के लिए बधाइयाँ दे रहे हैं।