
धनपुरी–शहडोल। धनपुरी नगर पालिका के लिए यह क्षण गौरव और सम्मान से भरा है। लंदन स्थित एक अंतरराष्ट्रीय संस्था से प्राप्त आमंत्रण ने न केवल नगर पालिका की कार्यसंस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई है, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जुझारूपन की मिसाल बने नगर पालिका कर्मी राम विशाल नापित को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी दिलाई है। जानकारी के अनुसार, राम विशाल नापित को उनके उत्कृष्ट कार्य, साफ-सुथरी छवि और नगर पालिका में लंबे समय से लंबित कार्यों को प्रभावी ढंग से गति देने के लिए लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में सर की ऊपधी से सम्मानित किया जाएगा।
बताया गया है कि राजस्व वसूली, जलकर वसूली तथा नगर क्षेत्र में ठेला व्यवसाय और सब्जी विक्रेताओं से साप्ताहिक वसूली जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को अनुशासित और पारदर्शी तरीके से निभाने में राम विशाल नापित की भूमिका उल्लेखनीय रही है। उनकी इसी कार्यशैली को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्हें सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। रॉयल अल्बर्ट हॉल वह ऐतिहासिक मंच है, जहाँ भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर सहित देश–विदेश की अनेक नामी-गिरामी विभूतियों का सम्मान हो चुका है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर धनपुरी के एक कर्मठ कर्मचारी का सम्मान होना पूरे नगर के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर की अनुशंसा पर भारत सरकार को भेजे गए पत्र के आधार पर गृह मंत्रालय ने आवश्यक आदेश जारी कर नगर पालिका धनपुरी को पत्र प्रेषित किया है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि राम विशाल नापित छह माह तक लंदन में रहकर वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे और प्रशिक्षण के साथ राजस्व वसूली से जुड़ी आधुनिक पद्धतियों का अनुभव प्राप्त कर भारत लौटेंगे। इस अवधि के लिए लंदन सरकार द्वारा उन्हें 3 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि प्रदान किए जाने की बात भी सामने आई है।
समाचार लिखे जाने तक राम विशाल नापित से प्रत्यक्ष संपर्क नहीं हो सका, किंतु उनके करीबी लोगों का कहना है कि वे अत्यंत उदार और जनसेवा भाव से प्रेरित व्यक्ति हैं तथा लंदन सरकार से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग धनपुरी नगर के विकास के लिए समर्पित करने का उनका संकल्प है। चर्चाओं और सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि भारत सरकार द्वारा उनकी वापसी के बाद डेढ़ करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नगर के गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने राम विशाल नापित की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। शुभचिंतकों का कहना है कि उनकी वापसी के बाद नगर विकास की आगे की रणनीति तय की जाएगी और उनका समर्पण तथा त्याग भविष्य में भी धनपुरी के विकास को नई दिशा देगा। यह सम्मान न केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि है, बल्कि धनपुरी नगर को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कृपया :हमें छमा करें अन्यथा न लेते हुए इस व्यंग का सिर्फ आनंद ले 🙏