संघर्ष, संकल्प और संस्कारित शिक्षा से ही सफलता संभव : जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला ख़ान

ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की दिशा तय करता करियर गाइडेंस मेला संपन्न

देपालपुर (इंदौर) – शासकीय हाई स्कूल चांदेर में विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ सही दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित करियर मेला एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन तहसील विधिक सेवा समिति देपालपुर के अध्यक्ष व जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला ख़ान के मुख्य आतिथ्य एवं प्रेस क्लब देपालपुर के अध्यक्ष श्री विमल वर्मा (फौजी) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट तिथि के रूप में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री देवकरण सोनगरा एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेंद्र गीते विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला ख़ान ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए कहा कि आप सभी राष्ट्र का भविष्य हैं और यह भविष्य कितना उज्ज्वल होगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप आज अपने जीवन की दिशा किस प्रकार तय करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण परिवेश एवं शासकीय विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त करना किसी भी प्रकार से कमजोरी नहीं, बल्कि यह संघर्ष, धैर्य और परिश्रम से सशक्त बनने की सबसे बड़ी पूँजी है।
श्री खान ने अपने जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि वे स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए हैं तथा उनकी संपूर्ण शिक्षा शासकीय विद्यालयों में ही संपन्न हुई है। उनके पिता प्राथमिक शाला के प्रधानाध्यापक रहे, जिनसे उन्हें अनुशासन, सादगी और शिक्षा के प्रति गहन सम्मान का संस्कार मिला। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा—यदि संकल्प मजबूत हो, तो साधन स्वयं रास्ता बना लेते हैं।
जिला न्यायाधीश श्री ख़ान ने कक्षा नवमी एवं दसवीं को जीवन की आधारशिला बताते हुए कहा कि यही वह महत्वपूर्ण समय है जब विद्यार्थी अपने सपनों, रुचियों और क्षमताओं को पहचानकर अपने भविष्य की दिशा निर्धारित कर सकते हैं। उन्होंने डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वकील, न्यायाधीश, पुलिस अधिकारी, सैनिक, वैज्ञानिक एवं प्रशासनिक अधिकारी जैसे विभिन्न करियर विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोई भी क्षेत्र छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि सफलता का वास्तविक पैमाना मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को असफलता से न घबराने की प्रेरणा देते हुए कहा कि असफलता हार नहीं सिखाती, बल्कि आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है।
साथ ही उन्होंने शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही छात्रवृत्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, डिजिटल शिक्षा एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जानकारी देकर विद्यार्थियों से इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। उक्त अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री खान ने विद्यार्थियों को शानदार कविता सुनाकर उन्हें नियमित अध्ययन, शिक्षकों के सम्मान, माता-पिता के संघर्ष को स्मरण रखने तथा लक्ष्य के प्रति अडिग रहने का बेहद यादगार संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री विमल वर्मा(फौजी)ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे उन्हें सही समय पर सही दिशा मिलती है। उन्होंने अपने अनुभव और संघर्ष से भरे प्रेरक विचार भी विद्यार्थियों से साझा किए।
सरपंच श्री देवकरण सोनगरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एक सशक्त समाज की नींव हैं और किसी से क्षेत्र का विकास संभव है। इस अवसर पर प्राचार्य श्री योगेंद्र गीते ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन एवं निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।
उक्त अवसर पर विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रति योगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही अधिवक्ता श्री विपिन धाकड़ ने अपने दादा स्वर्गीय बाबूलाल धाकड़ की पुण्य स्मृति में 11 हजार रुपए की राशि विद्यालय को भेंट किए।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिक्षक अनिल सोलंकी ने किया तथा आभार शिक्षक नितिन शर्मा ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप पाटीदार,विजय नागर, विपिन धाकड़,जितेंद्र वर्मा, प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष संजय चौहान, वरिष्ठ पत्रकार गण भरत सिंह तंवर,उदय सिंह चावड़ा, विजय जोशी, अजय जैन, श्री राम बारोड़, नायब नाजिर दिलीप यादव,अमितेश निगम, शिक्षकगण दिनेश बारस्कर, लाखन सोलंकी,इंदर सिंह परमार,धारा सिंह,श्रीमती उषा गीते,श्रीमती नीलू शर्मा,धन सिंह,निलेश परमार सहित अभिभावकगण,स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक, उपयोगी एवं मार्गदर्शक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *