
शहडोल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम शहडोल आगमन पर बुढ़ार चौक साक्षी बना उत्साह, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं के जोश से भरे भव्य स्वागत समारोह का। भाजपा संगठन एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गरिमामय वातावरण में उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर धनपुरी-बुढ़ार नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं भाजपा के सक्रिय, समर्पित कार्यकर्ता जानू छाबड़ा (पूर्व जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी की परंपरागत संगठनात्मक संस्कृति और शिष्टाचार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यह स्वागत समारोह बुढ़ार चौक, शहडोल में संपन्न हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर अपने प्रथम शहडोल जिला प्रवास के दौरान आयोजित ‘युवा (बजट) संवाद कार्यक्रम’ में युवाओं से रूबरू हुए। उन्होंने केंद्र सरकार के बजट में युवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों—शिक्षा, रोजगार सृजन, कौशल विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन, डिजिटल इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत—पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक दृष्टि से नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सशक्त आधारशिला है, जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक है।
युवाओं को संबोधित करते हुए श्याम टेलर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नवाचार, कौशल संवर्धन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ें तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की संगठनात्मक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां अंतिम पंक्ति में खड़ा कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और समर्पण से उच्च दायित्व प्राप्त कर सकता है। भाजपा में परिवारवाद का कोई स्थान नहीं, यहां संगठन सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए राष्ट्र सेवा के पथ पर अग्रसर रहता है।”
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता जानू छाबड़ा (पूर्व जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा) की सक्रिय भूमिका एवं सतत योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जानू छाबड़ा (पूर्व जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा) जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के नेतृत्व और सहभागिता से संगठन की शक्ति और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जनसेवा एवं राष्ट्रभावना का विस्तार निरंतर होता रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदेश अध्यक्ष के विचारों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बुढ़ार में श्याम टेलर का यह प्रथम आगमन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा, प्रेरणा और संगठनात्मक सशक्तिकरण का संदेश देकर गया।