“बकहो में शराबी दबंगों का आतंक: बख्शीश के नाम पर मारपीट, जेब से 800 रुपये गायब — घायल युवक न्याय की गुहार में”

धनपुरी/अमलाई।
थाना अमलाई क्षेत्र के अंतर्गत बकहो निवासी युवक रवि कोल के साथ शराब के नशे में धुत दबंगों द्वारा मारपीट और लूटपाट का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत देकर अपने साथ हुई घटना का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया है, जिसमें न केवल धमकी और मारपीट का उल्लेख है, बल्कि जेब से 800 रुपये निकालने का गंभीर आरोप भी शामिल है। इस शिकायत के बाद स्थानीय क्षेत्र में आक्रोश और भय का वातावरण व्याप्त है।

पीड़ित रवि कोल, पिता पकलू कोल, उम्र 30 वर्ष ने बताया कि वह पाण्डेय मॉल झगरहा में गार्ड की ड्यूटी करता है। दिनांक 01/12/25 की रात करीब 11 बजे, जब वह अपनी ड्यूटी पर था, तभी उसकी मुसीबतों की शुरुआत हुई। रवि ने बताया कि ड्यूटी स्थल पर मौजूद चिंटू विश्वकर्मा सहित अन्य लगभग चार व्यक्तियों ने शराब पी रखी थी और वे रवि के पास आए। आरोप है कि इन लोगों ने रवि से कहा कि “हमारे मंडल अध्यक्ष ने तुम्हें हमें पैसा देने को कहा है।”

रवि द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत के अनुसार चिंटू और उसके साथियों ने जबरदस्ती रवि को धक्का देकर जमीन पर गिराया और उसक़े साथ मारपीट करने लगे। रवि ने बताया है कि उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगीं तथा उसे दर्द से कराहता हुआ वहीं छोड़ दिया गया। घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 800 रुपये निकाल लिए — जो वह अपनी मजदूरी से बचाकर रखा था।

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह जैसे-तैसे अपने मालिक बृजेश पाण्डेय के घर पहुँचा और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। रवि ने बताया कि जब वह अपने मालिक के साथ वापस स्थल पर पहुंचा, उस समय आरोपी चिंटू विश्वकर्मा एवं अन्य लोग शराब के नशे में वहीं मौजूद थे और खुलेआम धमकी दे रहे थे—
“रवि कोल, अगर तुमने शिकायत की तो तुम्हारा अंजाम ठीक नहीं होगा, जहां भी मिले, जान से खत्म कर देंगे…”

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस प्रकार नशे में गुंडागर्दी का माहौल क्षेत्र में नया नहीं है। मजदूर वर्ग, खासकर सुरक्षा व्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों को अक्सर ऐसी दबंगई का सामना करना पड़ता है, लेकिन बहुधा डर और धमकी के कारण वे शिकायत नहीं कर पाते। लेकिन इस बार रवि कोल ने हिम्मत दिखाते हुए थाना अमलाई में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रवि कोल की तहरीर के अनुसार, इस घटना में प्रमुख आरोपी चिंटू विश्वकर्मा है, जबकि अन्य चार व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं — जिनकी भूमिका भी संदिग्ध है। रवि ने पुलिस से विनम्र मांग की है कि उसके ऊपर हमला करने, उसे धमकाने, जेब से नगद राशि चोरी करने और जान-माल के खतरे को देखते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

इस घटना ने एक बार फिर इस सवाल को जन्म दिया है कि क्या अमलाई क्षेत्र में शराबियों और दबंगों का खौफ आम जनता पर हावी है? क्या मजदूर वर्ग अपनी ड्यूटी सुरक्षित और सम्मानपूर्वक कर सकता है? और क्या पुलिस ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करेगी ताकि मजदूरों का विश्वास प्रशासन में बहाल हो?

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों ने भी इस घटना पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा है कि पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों में सख़्त कदम उठाने चाहिए जिससे कि आम आदमी सुरक्षित महसूस करे और अपराधियों का मनोबल न बढ़े।

थाना अमलाई पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि वह रवि कोल की शिकायत पर तुरंत FIR दर्ज कर दोषियों को गिरफ्तार करेगी, ताकि क्षेत्र में विश्वास और शांति की स्थिति पुनः स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *