रूपेश वर्मा अर्जुनी
बलौदाबाजार, 2 फ़रवरी 2026/ जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु रविवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी परिक्षेत्र रायपुर मुख्य अभियंता के.के. मरकाम एवं अधीक्षण अभियंता समीर गौर ने पलारी आवर्धन योजना एवं बिटकुली–रामपुर समूह जल प्रदाय योजना का स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण उपरांत खंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में हर -घर जल की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कार्यों में तेजी लाने, आपसी समन्वय मजबूत करने एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों ने दोहराया कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और जिले के प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, जिसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान कार्यपालन अभियंता नामित कोसरिया, सहायक अभियंता आर.के. ध्रुव, के.एल. देवांगन, मनोज दाखोड़े, उप अभियंता संदीप लॉरेंस, कलीराम पैकरा एवं रीना सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
